उत्तराखंड (देहरादून) 1 फरवरी 2026: लक्ष्मी पार्क और राजा रोड क्षेत्र की वर्षों पुरानी सीवरेज समस्या अब खत्म होने की राह पर है। राजपुर रोड के विधायक खजानदास ने शनिवार को क्षेत्र की विभिन्न गलियों में क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों को बदलने और नई सीवर लाइन बिछाने के कार्यों का शिलान्यास किया। इस बहुप्रतीक्षित योजमा पर 35.66 लाख रुपये से अधिक की लागत आएगी।
स्थानीय निवासियों के अनुसार झंडा वार्ड के कई हिस्सों में हजारों की आबादी लंबे समय से सीवरेज लाइन बाधित रहने की वजह से परेशान थी। संकरी गलियों में टैंकों की बार-बार सफाई न सिर्फ समय और मेहनत मांगती थी, बल्कि लोगों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ भी डालती थी। लगातार उठ रही समस्याओं को देखते हुए विधायक ने इस मुद्दे को प्राथमिकता
में लेकर समाधान की दिशा में कदम बढ़ाए। कार्यक्रम के दौरान विधायक खजानदास ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की स्पष्ट नीतियों और त्वरित निर्णय क्षमता के चलते विकास कार्य समय पर धरातल पर उतर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हर क्षेत्र की योजनाओं की गुणवत्ता और प्रगति पर नियमित नजर बनाए रखते हैं, जिसके चलते स्वीकृतियां भी समय से मिल रही हैं और सरकारी धन की बचत के साथ जनता को सुविधाएं भी समय पर प्राप्त हो रही हैं। शिलान्यास कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद वैभव अग्रवाल, भाजपा नेता गोपालपुरी, मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, सुशील अग्रवाल, जल संस्थान के सहायक अभियंता राघवेंद्र डोभाल आदि मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को लेकर विधायक का आभार व्यक्त किया।
