उत्तराखंड (देहरादून) 6 फरवरी 2026: नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने महिला के गले, से सोने की चेन छीनने वाले आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष संगीत कुमार ने बताया कि दो फरवरी को मालमती राणा निवासी अनिकेत विहार, दून यूनिवर्सिटी रोड ने शिकायत दी कि अज्ञात बाइक सवार ने दून यूनिवर्सिटी रोड पर शिवम डेरी के पास से उसके गले से चेन छीन ली और फरार हो गया। इस मामले में थाना नेहरू कालोनी में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया। सीसीटीवी कैमरो की फुटेज खंगाली गई। बुधवार को पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान आरोपित शादाब अली निवासी मियामवाला, डोईवाला को गिरफ्तार करते हुए घटना में इस्तेमाल बाइक व सोने की चैन बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह नशे का आदी है तथा नशे की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए अपने साथियों के साथ मिलकर चेन छीनने की घटना को अंजाम दिया था। फरार चल रहे दूसरे आरोपित की तलाश की जा रही है।
