उत्तराखंड (देहरादून) 18 जनवरी 2026: उत्तराखंड में सोमवार से पूरे कागजात के बिना किसी वाहन ने टोल प्लाजा पार किया तो तुंरत चालान कट जाएगा। राज्य के सात टोल प्लाजा पर ई-डिटेक्शन प्रणाली शुरू हो रही है। इसमें फास्टैग से टोल कटते ही वाहन के नंबर के आधार पर परमिट, पंजीकरण, फिटनेस, प्रदूषण, बीमा और रोड टैक्स से जुड़े कागज ऑनलाइन स्कैन होंगे। राज्य में पहले चरण में सिर्फ परमिट, बीमा और फिटनेस उल्लंघन के चालान कटेंगे।
परिवहन उपायुक्त शैलेश तिवारी ने बताया कि ओडिशा, छत्तीसगढ़, बिहार और गुजरात के बाद उत्तराखंड इस प्रणाली को लागू करने वाला पांचवां राज्य है। उत्तराखंड परिवहन विभाग ने एनआईसी के सहयोग से स्वचालित प्रणाली को विकसित कर लागू किया है। उन्होंने बताया कि 15 वर्ष से अधिक पुराने उन वाहनों की पहचान भी इसमें होगी, जिनका पंजीकरण समाप्त हो गया है और रिन्यूवल नहीं कराया गया है।
एसएमएस से तुरंत आएगा चालान: राज्य में पहले चरण में सिर्फ परमिट, बीमा और फिटनेस प्रमाण पत्रों के मामलों में ही चालान होंगे। हालांकि आगे के सभी दस्तावेजों को शामिल किया जाएगा। चालान कटते ही वाहन मालिक के मोबाइल नंबर पर तुरंत एसएमएस आएगा। इसमें चालान की राशि, उल्लंघन का प्रकार और ऑनलाइन भुगतान के लिए डिजिटल लिंक मिलेगा।
