उत्तराखंड (देहरादून) 16 जनवरी 2026: शहरवासियों ने स्वदेशी संकल्प के साथ सड़कों पर दौड़ लगाई। इस दौरान “जब स्वदेशी” के प्रेरणादायक नारे आसमान में गूंजते रहे। राष्ट्रभाव और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने के लिए प्रेरक नारों ने वातावरण को उत्साह से भर दिया।
गुरुवार को दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल और फेडरेशन आफ आल इंडिया व्यापार मंडल ने नेशनल ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड के सहयोग से परेड ग्राउंड से स्वदेशी संकल्प दौड़ का आयोजन किया। सुबह 7.30 बजे शहरवासियों की भारी भीड़ परेड ग्राउंड के पास एकत्रित हुई। यहां से प्रतिभागियों ने लैंसडौन चौक, बुद्धा चौक, पंचायती मंदिर, घंटाघर, एश्लेहाल होते हुए वापस परेड ग्राउंड पर आकर दौड़ समाप्त की। पूरे रास्ते प्रतिभागी गर्व से “यह स्वदेशी है” और “जय स्वदेशी” के नारे लगाते रहे।
प्रतिभागियों ने स्वदेशी उत्पादों को अपनाने के लिए बेनर, पोस्टर और तख्तियां हाथों में लहराई। राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन सुनील सिंघी ने बताया कि स्वदेशी जागरण मंच और व्यापारी संगठनों के संयुक्त प्रयास से 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती तक सभी राज्यों में स्वदेशी संकल्प दौड़ आयोजित की जाएंगी।
