उत्तराखंड (देहरादून) 3 फरवरी 2026: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े युवती की गला काटकर हत्या की घटना पर कड़ा आक्रोश जताया। आरोप लगाए कि राज्य की कानून व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त है। राजधानी के मुख्य और भीड़भाड़ वाले मच्छी बाजार क्षेत्र में इस तरह की जघन्य घटना का होना साबित करता है कि अपराधी पूरी तरह बेखौफ हैं और पुलिस व्यवस्था विफल हो चुकी है।
गोदियाल ने कहा कि जिस स्थान पर यह हत्या हुई, वहां से कुछ ही दूरी पर राजधानी की मुख्य कोतवाली स्थित है और बाजार क्षेत्र में चौबीसों घंटे भारी भीड़ रहती है। इसके बावजूद अपराधी की ओर से खुलेआम हत्या कर फरार हो जाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में प्रदेश में जंगलराज की स्थिति बन चुकी है, जहां आम जनता, विशेषकर महिलाएं, खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उधर, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने आरोप लगाए कि महिला सुरक्षा हो या आम आदमी की जानमाल की रक्षा, हर मोर्चे पर राज्य पुलिस विफल साबित हुई है।
