उत्तराखंड (चकराता) 31 जनवरी 2026: आपने प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चकराता में पहली बार विंटर कार्निवाल का आयोजन किया जाएगा। शिमला, मनाली, मसूरी और नैनीताल जैसे बड़े हिल स्टेशनों की तर्ज पर इस आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। यह तीन दिवसीय आयोजन 12 फरवरी से शुरू होगा। इसमें खास तौर से जौनसारी संस्कृति के लोक रंग की झलक दिखेगी। इसके आयोजन को सफल बनाने के लिए होटल एसोसिएशन, पर्यटन कारोबार से जुड़े व्यापारी, व्यापार मंडल चकराता व अन्य स्थानीय लोग मिलकर सहयोग कर रहे हैं।
कार्निवाल के दौरान जौनसारी परंपराओं के तीन प्रमुख सांस्कृतिक, रंग लोगों को देखने को मिलेंगे। इनमें बिस्सू महोत्सव, बूदी दीपावली व अन्य पारंपरिक जौनसारी त्योहारों की झलक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दिखाई जाएगी। इससे पर्यटक जौनसार-बावर की परंपराओं, वेशभूषा, संगीत और लोकजीवन को करीब से समझ सकेंगे।
कार्निवाल में स्थानीय उत्पादों और मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए विशेष फूड स्टाल लगाए जाएंगे। पर्यटक जौनसारी पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे। इनमें माशड़ाभात, उलवे, पिनवे, असके, कुशके साग, मंडुवे (मड़वे) की रोटी का स्वाद मिलेगा। इसके अलावा स्थानीय हस्तशिल्प और उत्पादों की भी प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस दौरान चकराता छावनी बाजार को विशेष रूप से सजाया जाएगा।
