उत्तराखंड (देहरादून) 30 जनवरी 2026: शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने की मुहिम तेजी से आगे बढ़ रही है। गुरुवार को महापौर सौरभ थपलियाल ने नगर निगम परिसर के बाहर दून अस्पताल चौक पर पहली आटोमेटेड बोतल क्रेशर मशीन का शुभारंभ किया। नगर निगम ने आगामी दिनों में शहर के प्रमुख स्थानों पर और आटोमेटेड बोतल क्रेशर मशीनें स्थापित करने की योजना बनाई है।
महापौर ने कहा कि इस मशीन की पहल से उत्तराखंड को प्लास्टिक मुक्त बनाने में मदद मिलेगी। नगर आयुक्त नमामि बंसल ने बताया कि शहर को साफ-सुथरा बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। नगर निगम प्रमुख पर्यटक स्थलों, रेलवे, बस स्टेशन, शैक्षणिक संस्थानों, पाकौँ, सरकारी भवनों और मुख्य चौराहों पर मशीनें स्थापित करेगा। इसके लिए स्थान चिह्नित कर लिए गए हैं। इस मशीन के माध्यम से सिंगल यूज वेस्ट प्लास्टिक को रि-साइकिल कर उपयोगी सामान बनाया जाएगा। मशीन के फीडबैक के आधार पर अन्य स्थानों पर भी इसी तरह की मशीनें लगाई जाएंगी। मशीन का संचालन पीपीपी मोड पर मनसा फैसिलिटी एंड सर्विस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। नगर निगम रि-साइकिल रा मैटेरियल को सीधे कंपनी से खरीदकर टेबल, चेयर, फ्लावर पाट और सजावटी वस्तुएं बनाने में उपयोग करेगा, जिससे प्रदूषण नियंत्रण को भी बल मिलेगा।
