सहस्रधारा रोड पर तीन एकड़ भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त
उत्तराखंड (देहरादून) 1 मार्च 2026: शहर में सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के अभियान के तहत शनिवार को नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की। सहस्रधारा रोड (खंलगा पार्क) स्थित एकता विहार धरना स्थल क्षेत्र में निगम की टीम ने सार्वजनिक भूमि पर अवैध रूप से बनीं झोपड़ियों व अस्थायी अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान तीन एकड़ भूमि को वापस कब्जे में लिया।
निगम अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई पूर्व में जारी नोटिसों व संबंधित अधिनियमों के प्रविधानों के तहत की गई। निरीक्षण के दौरान पाया गया था कि स्थल पर बिना अनुमति के अस्थायी ढांचे खड़े किए गए थे, जिससे सार्वजनिक भूमि का उपयोग बाधित हो रहा था। पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाया। निगम ने लगभग तीन एकड़ भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का दावा किया है। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त रखना प्राथमिकता है, ताकि नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। आमजन से अपील की गई है कि वे सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या अतिक्रमण न करें।
