नियम तोड़ने पर आरटीओ ने की कार्रवाई
उत्तराखंड (देहरादून) 1 मार्च 2026: होली पर सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आरटीओ प्रवर्तन ने विशेष अभियान शुरू कर दिया है। जिले में चेकिंग टीम ने विभिन्न मदों में 67 चालान किए। जबकि नौ वाहन सीज किए। आगे भी अभियान जारी रहेगा।
आरटीओ (प्रवर्तन) डा. अनीता चमोला ने बताया कि जिले में होली पर्व पर विशेष अभियान के लिए आठ टीमें विभिन्न रूटों पर चेकिंग के लिए उतारी गई। ओवरलोडिंग, ओवर स्पीड, परमिट शर्तों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की गई। इसके अलावा शहर में फूड वैन को भी रडार पर लिया गया। अन्य राज्यों से आने वाले वाहनों की सप्नन चेकिंग की गई। सीज वाहनों को रेंजर्स ग्राउंड, आशारोड़ी चेक पोस्ट ले जाया जा रहा है। वाहनों को विभाग के कर्मचारियों की सुरक्षा में रखा गया है। जिससे होली पर हुड़दंगी वाहनों को किसी तरह की क्षति न पहुंचा सकें। बताया, एआरटीओ प्रवर्तन के नेतृत्व में शहर में आठ टीमें विभिन्न रूटों पर तैनात की गई हैं। रात्रि में भी अभियान चलाया जा रहा है।
