उत्तराखंड (देहरादून) 14 फरवरी 2026: धौलास भूमि प्रकरण पर अब राजनीति तेज होती जा रही है। इस प्रकरण में पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ने अब भाजपा सरकार को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि जिस भूमि पर हाईकोर्ट ने भू परिवर्तन उपयोग पर रोक लगाई थी वहीं, भाजपा सरकार ने वर्ष 2024 में इसका परिवर्तन किया है। इससे साफ है कि भाजपा सरकार और उसके नेता ही इस पूरे प्रकरण में लिप्त हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में कांग्रेस शनिवार को मुख्यमंत्री अथवा सचिवालय घेराव कर अपना विरोध दर्ज कराएगी।
कांग्रेस मुख्यालय में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने वर्ष 2004 में एक स्कूल बनाने के लिए शेखुलहिंद को भूमि खरीदने की अनुमति दी थी। यह भूमि सरकार नहीं बल्कि स्थानीय निवासियों से ली गई। जब दो वर्ष तक इस संस्थान ने सरकार द्वारा दी गई अनुमति के अनुसार भूमि का उपयोग नहीं किया तो वर्ष 2006 में भूमि खरीदने की अनुमति रद कर इसे सरकार में निहित करने का आदेश दिया। इस बीच सेना के विरोध के बाद हाई कोर्ट ने भी इस भूमि को बेचने पर तो रोक नहीं लगाई लेकिन स्पष्ट किया कि इसका भू-उपयोग नहीं बदलेगा। साथ ही सरकार में भूमि निहित करने के निर्णय पर स्टे दे दिया। इस बीच ट्रस्टी ने चालाकी से यह भूमि अपने रिश्तेदारों के नाम कर दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में एसडीएम विकासनगर ने इसका भू-उपयोग परिवर्तित कर दिया। इसके बाद बड़े पैमाने पर इसे छोटे टुकड़े कर बेचा गया।
इसे खरीदने वाले अधिकांश पूर्व फौजी व हिंदू हैं। उन्होंने कहा कि पूरी तरह साफ है कि भाजपा जो आरोप कांग्रेस पर लगा रही है तरह निराधार है।
