उत्तराखंड (देहरादून) 13 फरवरी 2026: कैंट क्षेत्र में हुई मोबाइल स्नेचिंग की घटन का दून पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। वारदात में शामिल तीसरे आरोपित की तलाश जारी है।
कोतवाली कैंट में दर्ज मामले के अनुसार बीते सात फरवरी 2026 को गढ़ीं कैंट निवासी प्रदीप ने शिकायत दी थी कि उनकी पत्नी टपकेश्वर रोड से शेरबाग रोड स्थित घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली व मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने पोस्ट आफिस तिराहे के पास आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लाड सिंह (19 वर्ष) निवासी कांवली रोड लक्ष्मण चौक, शिवाजी मार्ग और लक्की सिंह (22 वर्ष) निवासी कांवली रोड के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं। अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। वे मोबाइल बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए। घटना में शामिल तीसरे आरोपित की तलाश जारी है।
