उत्तराखंड (देहरादून) 12 फरवरी 2026: राजपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक को उसके दोस्त उपचार के लिए मैक्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
राजपुर पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम को 112 के माध्यम से सूचना मिली कि एक युवक को उसके साथी इलाज के लिए मैक्स अस्पताल लाए हैं, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल अस्पताल पहुंची और मृतक के साथ मौजूद युवकों से पूछताछ की। मृतक की पहचान राहुल राज (21 वर्ष) हाल निवासी जोहड़ी रोड, राजपुर देहरादून के रूप में हुई है। वह मूल रूप से छपरा, गुदरी बाजार, जनपद सारण (बिहार) का रहने वाला था। राहुल राज सहसपुर स्थित जीबीआइटी कालेज में बी-फार्मा द्वितीय वर्ष का छात्र था और पिछले करीब दो माह से कालेज से निलंबित चल रहा था। वह अपने दोस्तों के साथ जोहड़ी रोड स्थित एक पीजी में रह रहा था। पुलिस को बताया बुधवार दिन के समय राहुल अचानक बेहोश हो गया। घबराकर वे उसे तत्काल मैक्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
