उत्तराखंड (देहरादून) 12 नवंबर 2025: राज्य में, बंदोबस्ती का काम 63 साल से नहीं हो सका है। इसके लिए बातचीत कई बार हुई पर धरातल पर काम शुरू होना अभी शेष है। अब राजस्व परिषद, ने नए सिरे से कोशिश शुरू की है।
राज्य के 16 हजार से अधिक गांवों में होने वाले बंदोबस्ती के बड़े काम का लक्ष्य कैसे हासिल किया जाएगा इसके लिए एसओपी बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य में बंदोबस्ती 1962 में हुई थी, इसके बाद से नहीं हो सकी। इसके कारण कई बार समस्या आती है। ऐसे में पिछले साल पांच गांवों से ट्रायल के तौर पर बंदोबस्ती का काम करने की योजना बनी। इसमें सर्वे आफ इंडिया से भी मदद लेने पर भी विचार किया गया था। इससे मिलने वाले अनुभव के आधार पर आगे काम किया जाना था मगर बातचीत आगे नहीं बढ़ सकी।
बंदोबस्ती के काम में एरियल सर्वे भी होगा। इसमें ड्रोन सर्वे या लिडार सर्वे होगा इस पर विचार किया जाना है। जब सर्वे के माध्यम से नक्शा मिलेगा, फिर उसका भू सत्यापन, पुराने अभिलेखों का मिलान जैसा काम करना होगा। ऐसे में बंदोबस्ती का काम कैसे करते हुए लक्ष्य को हासिल किया जाए, इसमें कितने लोगों की जरूरत होंगी, किस तरह की तकनीक का इस्तेमाल होगा और यह कैसे उपलब्ध होगी। इन सब पहलू पर विचार करने और तयः होने के बाद काम शुरू होने की संभावना है। इसलिए सचिव राजस्व परिषद ने एसओपी बनाने का निर्देश दिया है।
