उत्तराखंड (देहरादून) 13 नवंबर 2025: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) से राजभवन में महिला क्रिकेट विश्व कप विजेता टीम की सदस्य एवं उत्तराखंड की बेटी स्नेह राणा ने मुलाकात की। इस दौरान राज्यपाल ने स्नेह राणा को स्मृति चिह्न भेंट किया और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। बुधवार को राजभवन में हुई मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की शानदार जीत पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल देश के लिए, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि स्नेह राणा ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, समर्पण और कठिन परिश्रम से देश और प्रदेश दोनों का नाम रोशन किया है। राज्यपाल ने कहा कि स्नेह राणा जैसी खिलाड़ी उत्तराखंड की बेटियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश की युवा खेल प्रतिभाओं को नई दिशा और उत्साह प्रदान करेगी।
