उत्तराखंड (देहरादून) 13 अक्टूबर 2025: पटेलनगर थाना क्षेत्र में जीएमएस रोड स्थित इंडियन बैंक के पास शनिवार दोपहर दिनदहाड़े मोबाइल झपटने की वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो बदमाश एक शख्स के हाथ से झपट्टा मारकर उसका कीमती स्मार्टफोन लूट मौके से फरार हो गए। बदमाशों की तलाश में पटेलनगर पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। कैलाश अस्पताल के पास रहने वाले नागेंद्र यादव ने पटेलनगर चौकी बाजार में शिकायत देते हुए बताया कि 10 अक्टूबर को अपने काम से जीएमएस रोड, ओलंपस हाईस्कूल के पास स्थित इंडियन बैक गए थे। करीब साढ़े बारह बजे जब वह बैक से काम खत्म कर बाहर निकले, तभी बाइक सवार दो बदमाश उनके पास आए और बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने उनके हाथ से मोबाइल झपट्टा मारकर छीन लिया। उसने करीब 50 मीटर तक बदमाशों पीछा भी किया लेकिन वह बाइक को तेजी से भगाकर फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
