उत्तराखंड (देहरादून) 9 अक्टूबर 2025: कांग्रेस ने सरकार पर देहरादून स्थित आइटी पार्क की भूमि को रियल एस्टेट प्रोजेक्ट के रूप में बदलने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने कहा कि ऐसा कर सरकार ने आइटी पार्क में युवाओं को आइटी और साफ्टवेयर क्षेत्र में भविष्य बनाने की भावनाओं को समाप्त कर दिया है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने एक बयान जारी कर कहा कि सरकार ने आइटी पार्क की जमीन को आवासीय भवन बनाने वाली निजी कंपनी को सौंप दिया है। इस जमीन के लिए जो निविदा आमंत्रित की गई उसमें सस्ते दरों पर यहां के दो भूखंड एक ही निजी बिल्डर को दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सिडकुल का उद्देश्य उद्योगों को बढ़ावा देना था ताकि यहां युवा कौशल विकास प्राप्त करने के साथ ही रोजगार भी पा सकें। अब सिडकुल खुद रियल एस्टेंट के कारोबार में उतर रहा है। जिस तरह से टेंडर किए गए उनमें पारदर्शिता का अभाव नजर आता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उनके उद्योग सचिव को जनता को यह बताना चाहिए कि यह फैसला जनहित में था या किसी निजी कंपनी, के हित में। सरकार ने अमूल्य भूमि को 90 वर्ष के लिए लीज पर दे दिया है। यह केवल एक जमीन का नहीं बल्कि प्रदेश के भविष्य और नीतिगत नैतिकता का भी सवाल है। जिसका जवाब सरकार को देना होगा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने आरोप लगाया कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति खराब है। अस्पतालों पर चिकित्सक नहीं हैं तो कहीं तकनीशियनों की कमी है। मशीनें खराब हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में 1400 से अधिक स्कूल बंद होने की कगार पर हैं।
