उत्तराखंड (देहरादून) 10 अक्टूबर 2025: त्योहारी सीजन में शहर को जगमग करने के लिए 25 दिनों में नगर निगम की ओर से शहर में 4779 लाइटें लगाई गई हैं। लाइटें खराब होने संबंधी शिकायतें सीएम हेल्पलाइन पर मिली थी। निगम की टीम ने तत्परता दिखाते हुए सीएम हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों को निस्तारण करते हुए बंद पड़ी लाइटों को दोबारा शुरू किया। नगर आयुक्त नमामि बंसल ने बताया कि 15 सितंबर से आठ अक्टूबर के बीच नगर निगम को सीएम हेल्पलाइन पर 332 शिकायतें आईं, जिनका समाधान किया गया। इसके अलावा पिछले 10 दिनों में नगर निगम की सभी टीमों ने विभिन्न माध्यमों से प्राप्त 839 शिकायतों का निस्तारण किया जिसमें 4779 लाइटों को ठीक किया गया। गुरुवार को निगम की टीमों ने विभिन्न वार्डों के अलावा सहारनपुर रोड एवं आइएसबीटी फ्लाईओवर पर लाइटें ठीक की। विद्युत अनुभाग के सभी कर्मचारियों को अपनी उपस्थिति बायोमेट्रिक के माध्यम से लगाने के निर्देश दिए हैं।
