उत्तराखंड (ऋषिकेश) 15 अगस्त 2025: गंगानगरी ऋषिकेश में प्रमुख बाजारों और मार्गो पर बिजली लाइन अंडर ग्राउंड करने के लिए केंद्र सरकार ने 547 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। ऋषिकेश कुंभ क्षेत्र (गंगा कारिडोर) में विद्युत लाइनों के भूमिगतीकरण व ऋषिकेश, हरिद्वार और देहरादून में विद्युत प्रणाली को स्वचालित (स्काडा) किए जाने के लिए प्रस्तावित डीपीआर के सापेक्ष केंद्र सरकार से कुल 547.83 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है। बिजली लाइन भूमिगत किए जाने से ऋषिकेश शहर के नागरिकों को विशेष सुविधा मिलेगी। इससे भीड़ भरे बाजारों से तारों का जाल हट पाएगा, साथ हीं सड़कों बाजारों में आवाजाही भी सुगम हो पाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार विद्युत अवसंरचना के आधुनिकीकरण का प्रयास कर रही है। अंडर ग्राउंड केबिलिंग से विद्युत आपूर्ति अधिक स्थिर होगी। इसके साथ ही आपदा और प्रतिकूल मौसम के कारण पैदा होने वाले अवरोधों से सुरक्षा मिलेगी और रख-रखाव की लागत घटेगी व शहर का सौंदर्य भी बेहतर होगा।
