उत्तराखंड (पौड़ी) 14 अगस्त 2025: गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी बुधवार को राठ क्षेत्र के आपदा प्रभावित गांव सैजी पहुंचे। उन्होंने कहा कि भूगर्भीय रिपोर्ट के बाद यदि आवश्यक हुआ तो प्रभावित परिवारों का विस्थापन किया जाएगा।
पौड़ी गढ़वाल के सैजी गांव में हाल ही में आई आपदा के बाद गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी और कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर पीड़ितों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इस अवसर पर सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि भूगर्भीय रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवारों का सुरक्षित विस्थापन किया जाएगा और उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि क्षेत्र में तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। राशन और गैस की व्यवस्था कर दी गई है और बिजली व पानी की व्यवस्था भी पूर्ण रूप से की जा चुकी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि किसी गर्भवती महिला को आवश्यकता होगी तो हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की जाएगी। इस मौके पर जिला प्रशासन की टीम और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे।
