उत्तराखंड (देहरादून) 11 अगस्त 2025: प्राथमिक विद्यालय बांध विस्थापित टी-एस्टेट बंजारावाला के कुछ लोगों ने ताले तोड़ दिए। सीसीटीवी खंगालने पर तीन बच्चे दिखाई दिए, जो नाबालिग लग रहे हैं । मुकदमा दर्ज कर पुलिस कार्रवाई कर रही है।
सीआरसी सत्य प्रकाश बिजल्वान ने पटेलनगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने शिकायत में पुलिस को बताया कि प्राथमिक विद्यालय में ताला टूटने की घटना कुछ दिन पहले हुई। शाम को जब बाहरी क्षेत्र से बच्चे खेलने के लिए आए तो उन्होंने स्थानीय निवासियों को ताला टूटने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय परिसर में सीआरसी कक्ष का दरवाजा भी तोड़ा हुआ है। विद्यालय में ताला टूटने की घटना से स्थानीय निवासी भयभीत और आक्रोशित हैं। लोगों ने सीसीटीवी खंगाले तो उसमें तीन लोग दिखाई दिए। जिनमे से एक 16-17 साल का युवक और दो उससे छोटे हैं। सीआरसी कक्ष का ताला व दरवाजा तोड़ने के बाद वह कम्प्यूटर कक्ष की तरफ गए, लेकिन कम्प्यूटर कक्ष का ताला नहीं तोड़ पाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय परिसर शाम के समय बाहरी लोगों को खेलने के लिए दिया हुआ है। इससे वहां दिनभर आवाजाही और मेले जैसी स्थिति रहती है। उनका कहना है कि लोगों ने विद्यालय में लिखित प्रार्थना पत्र दिया है कि विद्यालय परिसर बाहरी लोगों को ऐलने के लिए न दिया जाए। लेकिन शिक्षिका ने उस पर अमल नहीं किया। उन्होंने आशंका जताई कि पूर्व से विद्यालय में खेलने आने वालों में से ही किसी ने ताला तोड़ा है। उन्होंने आरोपितों को पकड़ने व विद्यालय में बाहरी लोगों की आवाजाही बंद करने की मांग की है।
