उत्तराखंड (देहरादून) 11 अगस्त 2025: लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण उफान पर आए नाले में बहे बच्चों में से रायपुर पुलिस ने एक बच्चे को सकुशल रेस्क्यू किया, जबकि दूसरे का शव बरामद हुआ।
थाना रायपुर पुलिस के अनुसार रविवार को करीब पौने तीन बजे कंट्रोल रूम से दो बच्चों के शांति विहार नाले में बहने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस बल तत्काल आपदा नियंत्रण उपकरणों सहित मौके पर पहुंचा। मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की सहायता से तत्काल शांति विहार नाले में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए एक बालक आहिल (10) पुत्र साहिद निवासी सपेरा बस्ती थाना रायपुर देहरादून को उफनते नाले से बाहर निकालकर कोरोनेशन अस्पताल भिजवाया। जहां बच्चे की स्थिति सामान्य है।
घटना में बहे एक अन्य बालक सलमान (12) पुत्र टिंकू अंसारी निवासी जैन प्लॉट वाणी विहार थाना रायपुर की पुलिस टीम ने लगातार तलाश की। उसका शव दून यूनिवर्सिटी रोड मोथरोवाला थाना नेहरू कालोनी से बरामद किया गया है।
