उत्तराखंड (देहरादून) 19 जुलाई 2022: धर्मांतरण रैकेट ने अब प्रदेश में भी अपनी जड़े जमानी शुरू कर दी है। ऐसे ही एक मामले में उत्तर प्रदेश एटीएस ने धर्मांतरण गिरोह से जुड़े एक पुरुष और महिला को सहसपुर व डोईवाला क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को लेकर आगरा में धर्मांतरण रैकेट के खिलाफ मुकदमा दर्ज है, जिसके तार दून से जुड़े हैं। गिरोह के पांच सदस्यों के खिलाफ दून में भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 17 जुलाई को यूपी एटीएस के उच्च अधिकारियों ने उनसे सम्पर्क कर गोपनीय सूचनाओं का आदान-प्रदान किया था। इसमें उन्होंने दून में एक संदिग्ध शख्स की जानकारी साझा करते हुए आगरा में धर्मान्तरण रैकेट के संबंध में दर्ज मुकदमे में शंकरपुर सहसपुर निवासी अब्दुल रहमान को पूछताछ के लिए हिरासत में लेने और मुकदमे से संबन्धित अन्य सूचनाओं को साझा किया। सूचनाओं पर एसएसपी दून अजय सिंह ने तत्काल एसपी देहात के नेतृत्व में टीम का गठन किया। गठित टीम ने जानकारी के आधार पर सूचनाएं एकत्रित की और कुछ संदिग्ध इन्टाग्राम आईडी की मॉनिटरिंग की। इंटाग्राम आईडी की जानकारी करने पर रानीपोखरी क्षेत्र में एक संदिग्ध युवती की आईडी की जानकारी हुई।
