उत्तराखंड (देहरादून) 19 अक्टूबर 2026: सोमवार 19 अक्टूबर 2026 को देहरादून स्थित लोक भवन में डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने राज्यपाल पद की शपथ ग्रहण की। उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस मनोज कुमार तिवारी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल ने पुलिस के सम्मान गार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत और विजय बहुगुणा समेत कई प्रमुख नेता और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को गति देना प्राथमिकता
पदभार ग्रहण करने के बाद राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करना और पद की गरिमा बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने राज्य सरकार और जनता के साथ मिलकर शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन, पर्यावरण, रोजगार और जनकल्याण की योजनाओं को गति देने की प्रतिबद्धता जताई।
राज्यपाल ने उत्तराखंड को आस्था, संस्कृति और वीरता की भूमि बताते हुए कहा कि देवभूमि की शांति, सुरक्षा और समृद्धि ही उनका परम ध्येय है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड के विकास संबंधी विजन का उल्लेख करते हुए प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने पर जोर दिया।
