उत्तराखंड (देहरादून) 17 जुलाई 2025: उत्तराखंड में लाइसेंस का नवीनीकरण न कराने वाले चिकित्सकों पर शासन ने सख्ती दिखाई तो डाक्टरों में हड़कंप मच गया। हाल में करीब ढाई हजार चिकित्सकों के लाइसेंस समय पर रिन्यू न कराने का मामला सामने आया था, जिस पर स्वास्थ्य सचिव ने कार्रवाई के निर्देश दिए थे। जिसके बाद से नवीनीकरण ने रफ्तार पकड़ ली है।
स्वास्थ्य सचिव ने प्रदेशभर के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि लाइसेंस रिन्यू न कराने वाले चिकित्सकों की सूची तैयार कर कार्रवाई शुरू की जाए। साथ ही मेडिकल काउंसिल को सभी नाम सार्वजनिक करने के निर्देश भी दिए गए। इसके बाद नवीनीकरण न कराने वाले डाक्टरों में अफरा-तफरी मच गई। अब बड़ी संख्या में डाक्टर जुर्माना भरते हुए नवीनीकरण कराने पहुंच रहे हैं।
मेडिकल काउंसिल के रजिस्ट्रार डा. सुधीर पांडेय के अनुसार, पिछले छह दिनों में ही 200 से ज्यादा चिकित्सकों ने लाइसेंस रिन्यू कराया है और इससे करीब पांच लाख रुपये जुर्माने के रूप में जमा हुए हैं।
