उत्तराखंड (डोईवाला) 16 जून 2025: रानीपोखरी थाना पुलिस के अनुसार, जाखन नदी रानीपोखरी निवासी एक महिला ने तहरीर देते हुए बताया था कि उनकी नाबालिग पुत्री घर से बिना बताये कहीं चली गयी है। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर तत्काल बीएनएस का मुकदमा दर्ज किया।
रानीपोखरी थानाध्यक्ष विकेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की संवेदनशीलता के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा नाबालिग की बरामदगी के लिए पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिए गए। टीम ने घटनास्थल के आसपास तथा आने जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेज से नाबालिग के संबंध में आवश्यक जानकारियां एकत्रित की। थानाध्यक्ष ने बताया उक्त नाबालिग को कन्ही कुमार उर्फ कन्हैया नाम के व्यक्ति द्वारा बहला फुसला कर अपने साथ ले जाना प्रकाश में आया। पुलिस टीम को आरोपित की अंबेडकर कॉलोनी नरेला दिल्ली में होने के संबंध में जानकारी मिली।
शनिवार को टीम ने उक्त स्थान पर दबिश देते हुए अभियुक्त कन्ही कुमार (23) निवासी ग्राम नगला खारी जिला अलीगढ उ०प्र० को गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम ने अभियुक्त के कब्जे से नाबालिग को बरामद किया गया। नाबालिग के बयानों के आधार पर अभियोग में पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई।
