उत्तराखंड (देहरादून) 8 जून 2025: राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद के उपाध्यक्ष सुभाष बड़थ्वाल के नेतृत्व में शुक्रवार को राज्य आंदोलनकारी मंच से जुड़े आंदोलनकारियों ने बीमार व अशक्त राज्य आंदोलनकारी अमित ओबराय की सुध ली। राज्य आंदोलनकारी धर्मपुर-प्रगति विहार स्थित श्री ओबराय के आवास पर पहुंचे और माल्यार्पण कर व शॉल ओढ़ाकर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान परिषद के उपाध्यक्ष बड़थ्वाल ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के कल्याण के लिए वह प्रतिबद्ध हैं। इस संदर्भ में सरकार व शासन स्तर से लगातार संवाद किया जा रहा है। भरोसा दिया कि बीमार राज्य आंदोलनकारी अमित ओबराय के लिए वह अपने स्तर से जितनी मदद हो सकती हैं वह अवश्य करेंगे। राज्य आंदोलनकारी मंच के महामंत्री रामलाल खंडूड़ी व प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती ने राज्य आंदोलनकारी अमित के पेंशन गतिमान के लिए उनका फार्म भी भरवाया। इस फार्म को जिलाधिकारी कार्यालय के बाद कोषागार में जमा कराया जाएगा।
