उत्तराखंड (देहरादून) 9 सितंबर 2024: उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) से अनुमति लिए बिना पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा की गई कांग्रेस संगठन और जिला ब्लाक संगठन में स्थायी और अस्थायी नियुक्तियों को रद्द कर दिया है। इस निर्णय से चार जिलाध्यक्ष, आधा दर्जन प्रवक्ता व कुछ महामंत्री भी प्रभावित होंगे।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभालने के बाद करन माहरा ने कई बार एआईसीसी को पीसीसी के नये पदाधिकारियों की सूची भेजी। बताया जाता है कि दवाब के चलते माहरा की सूची पर आलाकमान की मुहर नही लग पायी। माहरा ने अपने स्तर से ही टीम का गठन करने के प्रयास किये। उन्होंने कुछ जिलों के नये अध्यक्ष के साथ ही कई ब्लाक अध्यक्षों की नियुक्ति भी की। करीब आधा दर्जन लोगों को पार्टी प्रवक्ता भी बनाया। कुछ पार्टीजनों को महामंत्री जैसे दायित्व भी बांटे, लेकिन इन नियुक्तियों को एआईसीसी का अनुमोदन नहीं मिल पाया। नियुक्तियां रद्ध होने से कांग्रेस के भीतर आने वाले दिनों में खींचतान बढ़ने की आशंका बढ़ गयी है।
