व्यापारिक लेन-देन के विवाद में महिला को डराने पहुंचे थे आरोपी, चार अन्य की तलाश जारी
उत्तराखंड (देहरादून) 26 सितंबर 2026: थाना रायपुर क्षेत्र में महिला को जबरन कार में बैठाने के प्रयास के मामले का दून पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में शामिल एक 19 वर्षीय युवती चाहत उर्फ अन्नू को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में शामिल चार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को सुषमा वर्मा निवासी कानन कुंज, सहस्रधारा रोड ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि सुबह करीब 6:50 बजे नाला पानी चौक के पास कुछ लोगों ने उन्हें जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना रायपुर और एसओजी देहात की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की पहचान के प्रयास शुरू किए।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान 26 सितंबर को चाहत उर्फ अन्नू को सहस्रधारा रोड से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में घटना में शामिल चार अन्य आरोपियों के नाम सामने आए हैं।
डेयरी के कारोबार को लेकर था विवाद
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी युवती ने बताया कि वह और दीपक पासवान अपना कारोबार शुरू करना चाहते थे। इसी क्रम में सुषमा वर्मा से अठूरवाला-भानियावाला स्थित एक डेयरी को चलाने का सौदा करीब 7.50 लाख रुपये में तय हुआ था। आरोपियों के अनुसार, उन्होंने 5 लाख रुपये नकद और 2.50 लाख रुपये का चेक दिया था।
बाद में डेयरी में मौजूद गायों से अपेक्षा के मुताबिक दूध नहीं मिलने और पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद बढ़ गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का आरोप था कि उनका लगाया पैसा वापस नहीं किया जा रहा था।
इसी विवाद के चलते आरोपियों ने सुषमा वर्मा को डराने की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, इसके लिए कारगी चौक के पास से एक काले रंग की स्विफ्ट कार किराये पर ली गई थी।
23 सितंबर की सुबह आरोपी सुषमा को डराने के लिए सहस्रधारा क्षेत्र पहुंचे। महिला द्वारा शोर मचाने और आसपास लोगों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
गिरफ्तार अभियुक्ता
चाहत उर्फ अन्नू, पुत्री विनोद कुमार, निवासी गोविंद विहार, डांडा लखौंड, थाना रायपुर, देहरादून। उम्र 19 वर्ष।
वांछित अभियुक्त
1. दीपक पुत्र दिलीप कुमार — विष्णु लोक कॉलोनी, ज्वालापुर, थाना सिडकुल, हरिद्वार
2. सुशांत उर्फ लक्की पुत्र अनिल कुमार — ग्राम डोब, तहसील देवप्रयाग, थाना हिंडोलाखाल, टिहरी गढ़वाल
3. आदित्य वशिष्ठ पुत्र अमित शर्मा — औरंगाबाद, थाना सिडकुल, हरिद्वार
4. प्रियांशु पुत्र सुखपाल — नगला अहमद, थाना मंगलौर, हरिद्वार
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
