उत्तराखंड (देहरादून) 11 नवंबर 2026: मानवता और सेवा भाव की मिसाल पेश करते हुए दून पुलिस के एक सिपाही ने गंभीर रूप से बीमार वृद्ध महिला की जान बचाने के लिए स्वेच्छा से रक्तदान कर सराहनीय पहल की है। आरक्षी शाहनवाज ने हिमालयन अस्पताल, जौलीग्रांट में उपचाराधीन वृद्ध महिला को रक्तदान कर उनकी मदद की। खास बात यह है कि शाहनवाज अब तक 87 बार रक्तदान कर चुके हैं। जानकारी के अनुसार, 09 नवंबर को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि हिमालयन अस्पताल, जौलीग्रांट में एक बुजुर्ग महिला गंभीर अवस्था में भर्ती हैं। उनकी प्लेटलेट्स घटकर मात्र चार हजार रह गई और उपचार के लिए तत्काल रक्त की आवश्यकता थी। सूचना मिलते ही पुलिस कार्यालय देहरादून में नियुक्त सिपाही शाहनवाज ने बिना देर किए अस्पताल पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान किया।