उत्तराखंड (देहरादून) 21 अप्रैल 2026: दीपनगर वार्ड-82 में लंबे समय से अटके विकास कार्यों, खासकर हरापुल निर्माण में हो रही देरी को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। शनिवार को पार्षद दिनेश सती के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द काम शुरू कराने की मांग की। ज्ञापन में स्पष्ट कहा गया कि क्षेत्र में कई विकास कार्य लंबे समय से प्रभावित हैं। हरापुल का निर्माण पूरी तरह अवरुद्ध है। इससे आवाजाही में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और स्थानीय जनजीवन प्रभावित हो रहा है। पार्षद दिनेश सती ने विभाग को चेतावनी दी कि दो दिन के भीतर निर्माण कार्य की बाधाएं दूर कर काम दोबारा शुरू नहीं किया गया तो सोमवार को लोनिवि कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायतों के बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
