उत्तराखंड (चमोली) 17 फरवरी 2026: पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि पर्यटन को उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार स्तंभ बनाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबंध है शीतकालीन पर्यटन को वर्ष भर के पर्यटन चक्र में समाहित कर राज्य के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में संतुलित एवं सतत विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। यह पहल स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करेगी। होम स्टे और स्थानीय उद्यमों को बढ़ावा मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त होगी।
इसी क्रम में औली को शीतकालीन खेलों के एक स्थायी केंद्र के रूप में विकसित किंया जाएगा। महाराज ने औली में नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप और विंटर कार्निवाल के उद्घाटन के अवसर पर यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि यह कार्निवाल प्रतिवर्ष आयोजित किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री महाराज ने यह भी जानकारी दी कि अप्रैल में भारतीय सेना के साथ सूर्य देवभूमि चैलेंज का आयोजन प्रस्तावित है। इसके तहत हेलंग से उर्गम, रुद्रनाथ-मंडल होते हुए ऊखीमठ तक 91 किमी ट्रेक का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा चमोली जिले की नीती घाटी में 31 मई को नीती एक्सट्रीम अल्ट्रा रन का आयोजन होना है, जिसकी तैयारियां चल रही हैं। जून में सेना के साथ मिलकर बदरीनाथ व माणा में देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल का द्वितीय चरण प्रस्तावित है।
