उत्तराखंड (देहरादून) 11 दिसंबर 2025: मैक्स अस्पताल ने दो जटिल टंग रिकंस्ट्रक्शन सर्जरी की हैं, जिससे कैंसर के मरीजों को नई उम्मीद मिली है। सर्जरी में विशेष तकनीक का इस्तेमाल कर पूरी या आधी जीभ को फिर से बनाया गया, जिससे मरीज बोलने और खाना निगलने जैसी जरूरी क्रियाएं आसानी से कर पा रहे हैं। पहली सर्जरी 61 वर्षीय मरीज पर की गई, जिन्हें जीभ का एडवांस्ड कैंसर था। उनके प्रभावित हिस्से को हटाकर जांघ के साफ्ट टिश्यू से नई जीभ तैयार की गई। दूसरी सर्जरी 53 वर्षीय मरीज पर की गई, जिनकी जीभ के दाहिनी हिस्से का कैंसर फैल गया था। उनके लिए फोरआर्म से फ्लैप लिया गया और जीभ को नया आकार दिया गया। सर्जरी के बाद दोनों मरीज धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं और रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम के तहत बोलने और निगलने की क्षमता बहाल कर रहे हैं। सर्जिकल आन्कोलाजी के डा. सौरभ तिवारी ने बताया कि समय पर निदान और उन्नत तकनीक से मरीजों का जीवन बेहतर बनाया जा सकता है। डा. चिजल भाटिया ने कहा कि यह सर्जरी जटिल होने के बावजूद मरीजों की रोजमर्रा की जिंदगी को फिर से सामान्य करने में मदद करती है।
