उत्तराखंड (देहरादून) 11 दिसंबर 2025: रिव्यू और रेटिंग स्कैम में साइबर ठगी करने वाले को एसटीएफ उत्तराखंड ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। ठगों ने खुद को बड़ी कंपनी का अधिकारी बताकर हरिद्वार निवासी व्यक्ति से 70 लाख से अधिक की धनराशि ठगी थी।
एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह ने बताया कि हरिद्वार निवासी एक व्यक्ति ने सिंतंबर में शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात व्यक्ति ने उनसे संपर्क कर खुद को सीएमई ग्रुप कंपनी से बताया और वाट्सएप पर गूगल रिव्यू के बदले वेतन का झांसा देकर एक टेलीग्राम लिंक के माध्यम से कंपनी ग्रुप से जोड़ा। ठगों ने ‘विभिन्न कार्यों के लिए प्रीपेड राशि जमा करने को कहा। शिकायतकर्ता ने कई बैंक खातों और यूपीआइ आइडी में कुल 70.31 लाख रुपये जमा किए।
बाद में उन्हें फंड निकालने के लिए क्रेडिट स्कोर बढ़ाने और टैक्स चुकाने के बहाने और रकम मांगे गए लेकिन फंड निकालने से मना कर दिया गया। तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इस मामले में निरीक्षक आशीष गुसांई को विवेचना सौंपी गई। उन्होंने घटना में इस्तेमाल बैंक खातों, मोबाइल नंबर व वाट्सएप की जानकारी लेकर खाताधारक निक्की जैन जयपुर राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया।
