उत्तराखंड देहरादून 11 दिसंबर 2025: पुलिसकर्मी की पत्नी ने पड़ोस में रहने वाली महिला पर मारपीट करने व बच्चों पर पालतू कुत्ते से हमला कराने का आरोप लगाया है। इस मामले में नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है
पुलिस को दी तहरीर में गीतिका करायत निवासी ज्वाल्पा एन्क्लेव, मोहकमपुर ने बताया कि उनका पति पुलिस में सिपाही हैं। पड़ोस में प्रियंका राणा का परिवार रहता है। आरोप है कि दो नवंबर को गीतिका के घर मेहमान आए थे। मेहमानों के वापस लौटने के दौरान प्रियंका राणा ने जानबूझकर अपने पालतू कुत्ते को खुला छोड़ दिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि कुत्ते ने उनके छह वर्ष व 11 वर्ष के भांजे पर हमले का प्रयास किया।
प्रियंका राणा से जब कुत्ता घर में बांधकर रखने की बात कही तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इससे पहले भी प्रियंका का परिवार उत्पीड़न करता आया है। उनके पति ड्यूटी पर रहते हैं, इस दौरान भी महिला उनसे गाली-गलौज करती है। थानाध्यक्ष नेहरू कालोनी संजीत कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
