उत्तराखंड (रानीखेत) 11 नवंबर 2025: रानीखेत निवासी सेवानिवृत्त शिक्षिका से साइबर ठगों ने फाइनेंशियल वर्ल्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट शिव सहगल की कंपनी न्यूआमा एज की अधिकारी बनकर आनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 43.70 लाख की ठगी कर ली। पीड़िता के शिकायती पत्र के बाद साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
अल्मोड़ा जिले के अंतर्गत रानीखेत के ग्राम पंतकोटली निवासी वृंदा पंत पत्नी जगदीश चंद्र पंत सेवानिवृत्त शिक्षिका हैं। साइबर थाना पुलिस के अनुसार 18 सितंबर 2025 को वृंदा के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से आरोही नाम की महिला की वाट्सएप काल आई। उसने बताया कि वह फाइनेंशियल वर्ल्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट शिव सहगल की कंपनी न्यूआमा एज कंपनी की अधिकारी है। उसने वृंदा को आनलाइन ट्रेडिंग के संबंध में जानकारी दी। साथ ही वाट्सएप पर लिंक भेजकर आनलाइन ट्रेडिंग संबंधी ग्रुप से जोड़ा। विश्वास कर वूदा ने सात अक्टूबर से छह नवंबर तक 16 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिये 43,70,970 रुपये बैंक के माध्यम से अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए। बाद में उन्हें ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने आनलाइन शिकायत पोर्टल पर दर्ज कराई। साइबर थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात साइबर ठगों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है।
