उत्तराखंड (देहरादून) 9 नवंबर 2025: ज्वेलर्स ने पुराने गहने हालमार्क लगाने के लिए मांगे, लेकिन बाद में नहीं लौटाए। इस मामले में नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने ज्वेलर्स के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी तहरीर में शिक्षा निवासी गढ़ निवास, मोहकमपुर ने बताया कि पंकज कुमार निवासी रामबाग रोड, मुजफ्फरपुर, बिहार की मैसर्स सिकंदर ज्वेलर्स के नाम से जोगीवाला चौक, रिंग रोड, देहरादून के पास दुकान है। वह अपनी बहन संध्या के साथ एक बार सोने के गहने देखने गई। पंकज कुमार ने उसे और उसकी बहन संध्या को अपने झांसे में ले लिया और कहा कि वह उनके सोने के पुराने गहनों की जांच-परख कर उन पर हालमार्क लगावा देगा, ताकि गहनों के अच्छे दाम मिल सके। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह आरोपित पंकज कुमार के झांसे में आ गई और 228.93 ग्राम के गहने आठ फरवरी 2021 से 14 नवंबर 2021 के बीच पंकज कुमार को दे दिए। इसके बाद आरोपित ने आभूषण लौटाने से इन्कार कर दिया। जब उन्होंने बार-बार अपने गहने मांगे तो आरोपित ने गहनों के बदले चेक दिए जोकि बाउंस हो गए।
