उत्तराखंड (देहरादून) 7 नवंबर 2025: अवैध खनन सामग्री से लदे ट्रैक्टर-ट्राली ने एक और युवक की जान ले ली। उम्मेदपुर निवासी शुभम गैरोला (24) वर्ष) घर का सामान लेने के लिए बाजार जा रहा था। इसी दौरान परवल से अवैध खनन सामग्री लेकर आ रहा ट्रैक्टर-ट्राली ने उसे कुचल दिया। आरोपित चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे घेर लिया। वसंत विहार थाना पुलिस ने आरोपित सलमान को गिरफ्तार कर लिया। गुस्साए लोगों ने शव को चौराहे पर रख महेंद्र चौक पर छह घंटे तक जाम लगाया।
यह घटना गुरुवार दोपहर 12 बजे हुई। शुभम गैरोला पहले जयपुर के होटल में काम करता था। घर की आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण उसने विदेश में नौकरी करने की योजना बनाई। रुपये जुटाकर कनाडा का वीजा लगवाया था और दो दिन बाद उसे जाना था। घर का सामान लेने निकले शुभम को अवैध खनन सामग्री से भरे ट्रैक्टर-ट्राली ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने मृतक के भाई को सरकारी नौकरी की मांग की। विधायक सहदेव पुंडीर ने सहायता राशि व एसडीएम ने भाई को नौकरी का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त हुआ।
