उत्तराखंड (देहरादून) 1 नवंबर 2025: ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत एक सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने ईमानदारी, नैतिकता और पारदर्शिता के मूल्यों को अपनाने की शपथ ली।
मुख्य अतिथि ओएनजीसी के कार्पोरेट एडमिनिस्ट्रेशन के चीफ जनरल मैनेजर नीरज कुमार शर्मा ने कहा कि भ्रष्टाचार से मुक्ति केवल एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि जब तक हर नागरिक सत्यनिष्ठा और नैतिकता को अपने जीवन में नहीं उतारता, तब तक वास्तविक परिवर्तन संभव नहीं है। ग्राफिक डीम्ड यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. नरपिंदर सिंह ने कहा कि ईमानदारी और पारदर्शिता सफल जीवन की बुनियाद हैं। सेमिनार में छात्र-छात्राओं को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए जागरूक किया गया। इस अवसर पर भाषण, क्विज और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन पेट्रोलियम इंजीनियरिंग एंड अर्थ साइंस डिपार्टमेंट, एनएसएस, द डिबेटिंग सोसायटी और ओएनजीसी के सहयोग से किया गया।
