उत्तराखंड (रायवाला) 30 सितंबर 2025: रायवाला क्षेत्र के ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों के साथ पानी के बिलों में अत्यधिक वृद्धि को कम करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने अतिशीघ्र ग्रामीणों की मांगों पर संज्ञान लेने की मांग की।
सोमवार को प्रतीतनगर, रायवाला व खांड गांव के ग्रामीण जनप्रतिनिधियों के साथ हनुमान चौक स्थित जल संस्थान के कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी यदि बिलों को तर्कसंगत नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से मासिक पानी का बिल 130 रुपये करने की मांग की गई। उन्होंने प्रतिमाह लिए जाने वाले मीटर शुल्क को भी बंद करने की मांग की है। साथ ही इस्तेमाल न होने वाले संयोजनों को बिल जारी न करने की मांग की है। वहीं एसडीओ कमलेश पंत ने बताया कि ग्रामीणों की मांगों से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया जाएगा। इस मौके पर व्यापार सभा अध्यक्ष विवेक रावत, गणेश रावत, मुकेश भट्ट, हर्षमणि लसियाल, रवि कुकरेती, जगवीर नेगी, अंकित खनक्रियाल, कुलदीप नेगी, बीना बंगवाल, मेघा चौहान, नवीन लाल, सुषमा नकोटी आदि उपस्थित रहे।
