उत्तराखंड (देहरादून) 2 सितंबर 2025: भारतीय जीवन बीमा निगम का बीमा सप्ताह शुरू हो गया है। एलआईसी की स्थापना दिवस पर बीमा सप्ताह के दौरान विभिन्न गतिविधियों व कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान एलआईसी उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला गया।
सोमवार को नेहरू कालोनी स्थित मंडल कार्यालय में बीमा सप्ताह का शुभारंभ वरिष्ठ मंडल प्रबंधक एसवी यादव और संपदा अधिकारी आलोक गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। वरिष्ठ मंडल प्रबंधक एसवी यादव ने एलआईसी की वर्तमान उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नव व्यवसाय से लेकर दावा निपटान तक एलआईसी का रिकार्ड शानदार रहा है। संपदा अधिकारी आलोक गुप्ता ने जीवन बीमा क्षेत्र में एलआईसी के विविध पक्षों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संस्था की स्वर्णिम उपलब्धियां अधिकारियों, कर्मचारियों और फील्ड फोर्स के सदस्यों के प्रयासों का सार्थक परिणाम हैं। उद्घाटन सत्र के बाद निगम के वरिष्ठ और सेवानिवृत्ति कार्मिकों को सम्मानित किया गया। साथ ही पौध रोपण भी किया।
एलआईसी की 69वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित बीमा सप्ताह के दौरान हफ्ते भर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर विपणन प्रबंधक विनोद थपलियाल, एसके सिसोदिया, राजीव भारद्वाज, कावेरी रावत, केके पांडेय, आशीष वर्मा, राकेश चंद्र, हरीश जोशी, प्रबंधक विक्रय भारत सिंह चौहान समेत अनेक लोग मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन आशीष वशिष्ठ ने किया।
