उत्तराखंड (देहरादून) 2 सितंबर 2025: जिलाधिकारी सविन बसंल ने सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में जनता दर्शन कार्यक्रम में जन समस्याएं सुनी। भारी बारिश के बावजूद बडी संख्या में फरियादी जनता दरबार पहुंचे। जनता दरबार में 122 समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखी। जिनमें से अधिकांश शिकायतों का जिलाधिकारी ने मौके पर निराकरण किया।
इस दौरान सहसपुर निवासी विधवा महिला यशोदा देवी ने बताया बैंक धोखाधड़ी कर रहा है और रजिस्ट्री नहीं लौटा रहा। बताया कि पति ने 10 लाख का लोन लिया था। उनकी मृत्यु से पहले उन्होंने तीन लाख से अधिक ऋण जमा कर लिया था। इसके बाद रिश्तेदारों से मदद लेकर 9.30 लाख बैंक का ऋण जमा कर दिया है, लेकिन फिर भी बैंक पैसे मांग रहा है।
जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी एवं महाप्रबंधक डीसीबी को जांच कर विधवा महिला की समस्या का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।
विधवा निशा कोहली ने बताया कि पड़ोसी हमें अपनी दीवार पर प्लस्तर करने के एवज में दो लाख की मांग कर रहा है। दीवार पर प्लस्तर न होने से पानी आ रहा है। जिससे दीवार पर करंट का खतरा बना है। जिलाधिकारी ने तहसीलदार को तत्काल मौके पर जाकर समस्या का समाधान करने और तीन दिन के भीतर इसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही पेंशन, मार्गों के क्षतिग्रस्त होने, जलभराव, अवैध कब्जों से संबंधित शिकायतें आई। जनता दरबार में अपर जिलाधिकारी वित्त एंव राजस्व केके मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसडीएम अपूर्वा, एसडीएम विनोद कुमार, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी वीके ढौडियाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल सहित अन्य विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी थे।
