उत्तराखंड (देहरादून) 29 अगस्त 2025: सहस्रधारा रोड स्थित एटीएस हैवनली फुटहिल्स कालोनी की सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे का मामला अब गढ़वाल आयुक्त के दरबार में पहुंच गया है। कालोनी की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) ने आयुक्त को पत्र सौंपकर नगर निगम की भूमि को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त करने की मांग उठाई है।
आरडब्ल्यूए ने शिकायत में बताया कि 0.3880 हेक्टेयर भूमि ग्राम डांडा नूरीवाला की है, जिसे राज्य सरकार ने सामुदायिक सुविधाओं के लिए सुरक्षित रखा था। ग्राम डांडा नूरीवाला नगर निगम की सीमा में शामिल होने के बाद यह भूमि नगर निगम के स्वामित्व में आ गई। आरोप है कि पुनीत अग्रवाल नामक व्यक्ति इस सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का प्रयास कर रहा है। एसोसिएशन का कहना है कि इस मामले की शिकायत नगर निगम और तहसील प्रशासन से की गई थी। नगर निगम कर्मचारियों ने तो कार्रवाई की कोशिश की, लेकिन तहसील के पटवारी और कानूनगो पर आरोप है कि वे बिल्डर के साथ मिलीभगत में हैं। शिकायत में दावा किया गया है कि तहसील कर्मियों ने बिल्डर को कब्जा दिलाने के लिए भूमि के तबादले की संस्तुति तक कर दी। नगर निगम ने इस पर आपत्ति दर्ज कराते हुए शासन को वास्तविक स्थिति से अवगत करा दिया।
