उत्तराखंड (देहरादून) 28 अगस्त 2025: डालनवाला क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। साथ ही आरोपित युवक ने युवती से चार लाख रुपये भी हड़प लिए। आरोप है कि आरोपित के भाई व माता ने पीड़ित से मारपीट कर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। तहरीर पर पुलिस ने आरोपित व उसके भाई के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र निवासी एक युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2018 में ओल्ड डालनवाला निवासी विकास गुप्ता ने उसे इंटरनेट मीडिया पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। रिक्वेस्ट स्वीकारने के बाद उनके बीच दोस्ती हो गई और वह आपस में बात करने लगे। वर्ष 2019 में विकास उसे डीएल रोड स्थित अपने दोस्त के फ्लैट में ले गया, जहां उसने उनकी मांग में सिंदूर भरकर विश्वास दिलाया कि अब वे पति पत्नी हो गए हैं। इसके बाद उसने दुष्कर्म किया। उसने कहा कि वह अपने घरवालों को मनाकर उससे शादी करेगा। इस दौरान उसने कई किस्तों में उससे करीब चार लाख रुपये ले लिए। इसके बाद उसने बाइक की मांग की। इस पर उसने अपनी माता के नाम से फाइनेंस कराकर बाइक उसे दी। 28 जुलाई को विकास ने उसे अपने घर बुलाया। जहां विकास, उसका भाई विवेक गुप्ता व उसकी माता ने उससे गाली-गलौज कर उसके कपड़े फाड़ दिए और भगा दिया। वहीं, प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार मनवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
