उत्तराखंड (देहरादून) 27 अगस्त 2025: गढ़वाली कॉलोनी, भाऊवाला में रहने वाले एक व्यक्ति का बेटा पिछले नौ माह से गायब है। वह प्रयागराज में सीए के यहां काम करता था। नौ माह से उसका फोन बंद चल रहा है। पिता का कहना है कि बेटे का पत्नी से पारिवारिक विवाद चल रहा था। अनहोनी की आंशका व्यक्त करते हुए उन्होंने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने अपहरण में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेलाकुई थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि हर्षवर्धन भट्ट निवासी गढ़वाली कॉलोनी भाऊवाला ने तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा हिमांशु भट्ट फरवरी 2024 को भाऊवाला से गुड़गांव गया था। वह गुड़गांव में सीए के यहां एकान्टटेंट का कार्य करता था। उसके बाद वह मई 2024 को गुड़गांव से चंडीगढ़ चला गया। फिर वह अगस्त 2024 को चंडीगढ़ से प्रयागराज चला गया। 13 नंवबर 2024 को शाम के समय हिमांशु से उनकी अंतिम बार बातचीत हुई थी। उसके बाद से उसका फोन बंद आ रहा है। बताया कि दिल्ली में रहने वाले उनके बड़े भाई के बेटे बबलू भट्ट ने उन्हें बताया कि 13 नवंबर को हिमांशु ने दिल्ली कश्मीरी गेट आने की बात कही थी। इसके बाद से उसकी भी हिमांशु से बात नहीं हुई।
हिमांशु की शादी 2010 में हुई थी। उसका एक बेटा भी है। उसका परिवार दिल्ली के बुराड़ी में रहता है। हिमांशु और उसकी पत्नी के बीच कुछ विवाद चल रहा था। हर्षवर्धन ने हिमांशु के साथ अनहोनी की आशंका जाहिर की है। थानाध्यक्ष भट्ट ने बताया कि अपहरण का मुकदमा दर्ज कर खोजबीन की जा रही है।
