उत्तराखंड (देहरादून) 25 अगस्त 2025: जीएमएस रोड स्थित अलकनंदा एन्क्लेव के निकट बाइक चालक ने ठेली चालक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल ठेली चालक सुनील कुमार गुप्ता निवासी संगम विहार, गांधीग्राम, वसंत की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि बाइक चालक आदित्य निवासी जीएमएस रोड, हरिपुरम गली गंभीर रूप से घायल है, जिसका उपचार कोरोनेशन अस्पताल में चल रहा है। घटना रविवार दोपहर करीब 11 बजे की है। सुनील कुमार गली मोहल्लों में ठेली से मसाले बेचता था।
रविवार को वह जीएमसए रोड पर मसाले बेचने के लिए निकला था कि अलकनंदा एन्क्लेव के बाहर बाइक चालक ने उसे पीछे से तेजी से टक्कर मार दी, जिसके कारण दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सुनील कुमार के सिर व पेट पर चोटें आने के कारण उसकी मृत्यु हो गई। थानाध्यक्ष वसंत विहार प्रदीप रावत ने बताया कि घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। हादसों के कारणों की जांच के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।
