उत्तराखंड (देहरादून) 21 अगस्त 2025: नदी को दूषित करने वालों पर नगर निगम सख्त हो गया है। रिस्पना और बिंदाल नदी में आए दिन दूषित पानी छोड़ने की शिकायतें मिलती रहती हैं। इसी क्रम में बुधवार को नगर निगम की टीम ने गोविंदगढ़ स्थित एक डेयरी पर छापेमारी की। इस दौरान बिंदाल नदी में गोबर बहाते पकड़े जाने पर डेयरी संचालक पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
मुख्य स्वास्थ्य नगर अधिकारी डा. अविनाश खन्ना ने बताया कि उन्हें गोविंदगढ़ क्षेत्र से सूचना मिली थी कि कुछ लोग बिंदाल नहीं में गंदगी बहा रहे हैं। जिस पर उन्होंने खुद मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान आलम डेयरी से बिंदाल नदी में गोबर बहाया जाता मिला। उन्होंने मौके पर ही एक लाख रुपये का चालान किया। यह रकम जल्द से जल्द नगर निगम में जमा कराने के निर्देश दिए हैं। डा. अविनाश खन्ना ने बताया कि शहर में नालियों, सड़क या नदी पर गंदगी बहाने वालों पर सख्ती की जा रही है। डेयरी संचालकों को गोबर निस्तारण की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि नालियों या नदियों में गोबर बहाते कोई पाया जाता है तो पहली बार में ही उसका 50 हजार से एक लाख रुपये का चालान किया जा रहा है।
