उत्तराखंड (देहरादून) 6 अगस्त 2025: स्नेचिंग व चोरी की तीन घटनाओं का खुलासा करते हुए नेहरू कालोनी पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों पूर्व में भी आपराधिक घटनाओं में जेल जा चुके हैं। थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस के अनुसार 31 जुलाई को शकुंतला देवी निवासी अजबपुर खुर्द ने शिकायत दी कि जब वह सरस्वती विहार की ओर जा रही थी। तभी बाइक सवार बदमाशों ने उसका मोबाइल झपट लिया और फरार हो गए। वहीं, थाना पटेलनगर पर भी बंजारावाला क्षेत्र में महिला से मोबाइल छीनने के संबंध में एक मुकदमा दर्ज हुआ। घटनाओं के खुलासे के लिए एसएसपी अजय सिंह ने संयुक्त टीम का गठन किया। इस दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घटनाओं को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को फ्लाई ओवर बाईपास के नीचे से बाइक और छीने गए दो मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपितों ने अपने नाम सत्यम राठौर निवासी चोई रामपुर कला, थाना सेलाकुई और प्रदीप कश्यप निवासी लोहिया नगर पटेलनगर बताया। दोनों ने बताया कि वे दोनों नशे के आदी हैं। अपने नशे की पूर्ति के लिए ही उन्होने स्नेचिंग की घटनाओं का अंजाम दिया था। आरोपितों ने बाइक चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात भी पुलिस को बताई है।
