उत्तराखंड (देहरादून) 12 जुलाई 2025: राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तराखंड के पदाधिकारियों ने सोमवार को मुख्य सचिव से भेंट कर एमकेपी पीजी कालेज देहरादून के कार्मिकों को विगत चार माह से वेतन नहीं मिलने की शिकायत की गई।
परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अरुण पांडे ने बताया कि परिषद के संज्ञान में लाया गया है कि एमकेपी (पीजी) कालेज देहरादून के कार्मिकों का मार्च 2025 से वेतन का भुगतान नहीं हो पा रहा है। जिससे महाविद्यालय के समस्त कार्मिक आर्थिक कठिनाईयों का सामना कर रहे हैं। उक्त के संबंध में पत्र के साथ महादेवी महाविद्यालय शिक्षणेत्तर कर्मचारी एसोसिएशन का अनुरोध पत्र भी सौंपा गया। उल्लेखनीय है कि एमकेपी के कार्मिकों को प्रबंधन की आपस की लड़ाई में मामला न्यायालय तक जाने के कारण कई वर्षों से वेतन भुगतान संबंधी इस प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि सैनिक कल्याण विभाग में कार्मिकों के नियम विरुद्ध स्थानांतरण 30 जून को कर दिए गए। जिसकी शिकायत परिषद ने मुख्य सचिव से की है। उन्होंने सचिव सैनिक कल्याण को अपने स्तर से तत्काल कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। इसके अलावा सचिव सैनिक कल्याण से भी परिषद के पदाधिकारी मिले। जिस पर उन्होंने तत्काल निदेशक सैनिक कल्याण को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है। वहीं, दूसरी तरफ निर्वाचन आयोग ने सचिव सैनिक कल्याण से इस संबंध में समाचार पत्रों में छपी खबर का हवाला देते हुए आख्या भी मांगी गई है।
