उत्तराखंड (सेलाकुई) 17 जून 2025: रविवार देर रात सेलाकुई के लेबर चौक पर डंपर वाहन ने स्कूटी सवार तीन युवकों को कुचल दिया, जिससे एक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो ने उपचार के दौरान सीएचसी प्रेमनगर में दम तोड़ दिया। तीनों युवक सेलाकुई स्थित ग्लोबल कंपनी में काम करते थे।
थानाध्यक्ष सेलाकुई पीड़ी भट्ट ने बताया कि रविवार देर रात सूचना मिली कि लेबर चौक पर अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवारों को टक्कर मार दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो तीन युवक लेबर चौक पर अलग-अलग बुरी तरह से जख्मी हालत में पड़े थे। इनमें से सूरज (20 वर्ष) पुत्र तेजराम, निवासी शाहजहापुर यूपी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी सवार मुकेश चौहान (25 वर्ष) पुत्र मस्तराम चौहान निवासी मोरी जिला उत्तरकाशी और अनिल (24वर्ष) कश्यप पुत्र राम सेवक, निवासी शाहजहापुर यूपी को गंभीर अवस्था में सीएचसी प्रेमनगर उपचार के लिए ले जाया गया, जहां देर रात उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कूटी पर टक्कर मारने के बाद डंपर चालक उन्हें कुचलते हुए निकल गया। पुलिस के मुताबिक तीनों युवक ग्लोबल कंपनी में काम करते थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि डंपर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
