प्रदेश में अब तक डेंगू के 89 मामले हो चुके हैं
उत्तराखंड (देहरादून) 11 जून 2025: रोजाना डेंगू के मामले सामने आ रहे हैं। सोमवार को एक और व्यक्ति में डेंगू की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक पटेलनगर स्थित श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती मरीज की एलाइजा जांच रिपोर्ट पाजीटिव आई है। अब तक जिले में डेंगू के 89 मामले रिपोर्ट हुए हैं, जिनमें 53 देहरादून और 36 मामले अन्य राज्य व जिलों से हैं। वर्तमान में डेंगू के 12 सक्रिय मामले हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. मनोज कुमार शर्मा का कहना है कि डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर सर्वे कर रही हैं। मंगलवावार को आशा वर्कर व डेंगू वालंटियर्स ने 15,226 घरों का सर्वे किया, जिसमें 46 घरों में लार्वा मिला। इसके अलावा 90,067 कंटेनरों की जांच में 54 कंटेनर में लार्वा पाया गया। अब तक कुल 664872 घरों की जांच की जा चुकी है। जिनमें से 2101 में लार्वा मिला है। वहीं, 4208002 कंटेनर की जांच में 2599 में लार्वा पाया गया। जिसे मौके पर नष्ट कर दिया गया है। इसके अलावा नगर निगम की टीमें नियमित फागिंग भी कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों के आसपास साफ-सफाई रखें और पानी जमा न होने दें। डेंगू से बचाव के लिए नियमित रूप से बर्तनों, कूलरों और अन्य पानी जमा होने वाले स्थानों की सफाई जरूरी है।
